Saturday 14 February 2015

वह जागते हुए भी सोया है।


अनमोल संवाद जिसमे मनुष्य जीवन के सारे प्रश्नों के उत्तर निहित है।
⚘यक्ष और युधिष्ठिर संवाद⚘
यक्ष – जीवन का उद्देश्य क्या है ?
युधिष्ठिर – जीवन का उद्देश्य प्राणी मात्र मे स्थित आत्मा को जानना है जो जन्म और मरण के बन्धन से मुक्त है। उसे जानना ही मोक्ष है।
यक्ष – जन्म का कारण क्या है ?
युधिष्ठिर – अतृप्त वासनाएं, कामनाएं और कर्मफल ये ही जन्म का कारण हैं।
यक्ष – जन्म और मरण के बन्धन से मुक्त कौन है ?
युधिष्ठिर – जिसने स्वयं को, उस आत्मा को जान लिया वह जन्म और मरण के बन्धन से मुक्त है।
यक्ष – वासना और जन्म का सम्बन्ध क्या है ?
युधिष्ठिर – जैसी वासनाएं वैसा जन्म।
यदि वासनाएं पशु जैसी तो पशु योनि में जन्म।
यदि वासनाएं मनुष्य जैसी तो मनुष्य योनि में जन्म।
यक्ष – संसार में दुःख क्यों है ?
युधिष्ठिर – लालच, स्वार्थ, भय संसार के दुःख का कारण हैं।
यक्ष – तो फिर ईश्वर ने दुःख की रचना क्यों की ?
युधिष्ठिर – ईश्वर ने संसार की रचना की और मनुष्य ने अपने विचार और कर्मों से दुःख और सुख की रचना की।
यक्ष – क्या ईश्वर है ?
कौन है वह ?
क्या रुप है उसका ? 
क्या वह स्त्री है या पुरुष ?
युधिष्ठिर – हे यक्ष! कारण के बिना कार्य नहीं। यह संसार उस कारण के अस्तित्व का प्रमाण है।तुम हो इसलिए वह भी है उस महान कारण को ही आध्यात्म में ईश्वर कहा गया है।वह न स्त्री है न पुरुष।
यक्ष – उसका स्वरूप क्या है ?
युधिष्ठिर – वह सत्-चित्-आनन्द है, वह अनाकार ही सभी रूपों में अपने आप को स्वयं को व्यक्त करता हैं।
यक्ष – वह अनाकार स्वयं करता क्या है ?
युधिष्ठिर – वह ईश्वर संसार की रचना, पालन और संहार करता है।
यक्ष – यदि ईश्वर ने संसार की रचना की तो फिर ईश्वर की रचना किसने की ?
युधिष्ठिर – वह अजन्मा अमृत और अकारण हैं।
यक्ष – भाग्य क्या है ?
युधिष्ठिर – हर क्रिया, हर कार्य का एक परिणाम है। 
परिणाम अच्छा भी हो सकता है,बुरा भी हो सकता है।
यह परिणाम ही भाग्य है।आज का प्रयत्न कल का भाग्य है।
यक्ष – सुख और शान्ति का रहस्य क्या है ?
युधिष्ठिर – सत्य, सदाचार, प्रेम और क्षमा सुख का कारण हैं।असत्य, अनाचार, घृणा व क्रोध का त्याग शान्ति का मार्ग है।
यक्ष – चित्त पर नियंत्रण कैसे संभव है ?
युधिष्ठिर – कामनाएं चित्त में उद्वेग उतपन्न करती हैं। कामनाओं पर विजय चित्त पर विजय है।
यक्ष – सच्चा प्रेम क्या है ?
युधिष्ठिर – स्वयं को सभी में देखना सच्चा प्रेम है। स्वयं को सर्वव्याप्त देखना सच्चा प्रेम है। स्वयं को सभी के साथ एक देखना सच्चा प्रेम है।
यक्ष – तो फिर मनुष्य सभी से प्रेम क्यों नहीं करता ?
युधिष्ठिर – जो स्वयं को सभी में नहीं देख सकता वह सभी से प्रेम नहीं कर सकता।
यक्ष – आसक्ति क्या है ?
युधिष्ठिर –नशवर देह व वस्तु से अपेक्षा, अधिकार आसक्ति है।
यक्ष – बुद्धिमान कौन है ?
युधिष्ठिर – जिसके पास सत्संग से प्राप्त विवेक है।
यक्ष – नशा क्या है ?
युधिष्ठिर –नश्वर माया मे आसक्ति।
यक्ष – चोर कौन है ?
युधिष्ठिर – इन्द्रियों के आकर्षण,जो इन्द्रियों को हर लेते हैं चोर हैं।
यक्ष – जागते हुए भी कौन सोया हुआ है ?
युधिष्ठिर – जो आत्मा रूपी परमात्मा को नहीं जानता वह जागते हुए भी सोया है।
यक्ष – कमल के पत्ते में पड़े जल की तरह अस्थायी क्या है ?
युधिष्ठिर – यौवन, धन और जीवन।
यक्ष – नरक क्या है ?
युधिष्ठिर – इन्द्रियों की दासता नरक है।
यक्ष – मुक्ति क्या है ?
युधिष्ठिर – अनासक्ति ही मुक्ति है।
यक्ष – दुर्गति का कारण क्या है ?
युधिष्ठिर – मद और अहंकार।
यक्ष – सदगति का कारण क्या है ?
युधिष्ठिर – सत्संग और सबके प्रति मैत्री भाव।
यक्ष – सारे दुःखों का नाश कौन कर सकता है ?
युधिष्ठिर – जो सब छोड़ने को तैयार हो।
यक्ष – मृत्यु पर्यंत यातना कौन देता है ?
युधिष्ठिर – गुप्त रूप से किये गए पाप।
यक्ष –किस बात का विचार सदैव रहना चाहिए ?
युधिष्ठिर – सांसारिक सुखों की क्षण-भंगुरता का।
यक्ष – संसार को कौन जीतता है ?
युधिष्ठिर – जिसमें सत्य और श्रद्धा है।
यक्ष – भयमुक्ति कैसे संभव है ?
युधिष्ठिर – परमार्थ से।
यक्ष – मुक्त कौन है ?
युधिष्ठिर – जो अज्ञान से परे है।
यक्ष – अज्ञान क्या हैस?
युधिष्ठिर – आत्मज्ञान का अभाव अज्ञान है।
यक्ष – दुःखों से मुक्त कौन है ?
युधिष्ठिर – लोभी सदैव भयभीत रहता है, संतोषी जीव कभी क्रोध नहीं करता वह मुक्त हे।
यक्ष – वह क्या है जो अस्तित्व में है और नहीं भी ?
युधिष्ठिर – माया।
यक्ष – माया क्या है ?
युधिष्ठिर – नाम और रूपधारी नाशवान जगत।
यक्ष ने प्रश्न किया – मनुष्य का साथ कौन देता है ?
युधिष्ठिर ने कहा – धैर्य व धर्म मनुष्य का साथ देते है.
यक्ष – इस लोक व परलोक मे गति एकमात्र उपाय क्या है?
युधिष्ठिर – दान।
यक्ष – हवा से तेज कौन चलता है ?
युधिष्ठिर – मन।
यक्ष – विदेश जानेवाले का साथी कौन होता हैस?
युधिष्ठिर – विद्या।
यक्ष – किसे त्याग कर मनुष्य निर्मल हो जाता है ?
युधिष्ठिर – अहम् भाव से उत्पन्न गर्व के छूट जाने पर।
यक्ष – किस गुण से मनुष्य अप्रिय हो जाता हे ?
युधिष्ठिर – क्रोध।
यक्ष – किस कारण मनुष्य पापी बनता है ?
युधिष्ठिर – लोभ।
यक्ष – वन्दनीय होना किस बात पर निर्भर है ? जन्म पर, विद्या पर, या शीतल स्वभाव पर ?
युधिष्ठिर – शीतल स्वभाव पर।
यक्ष – कौन सा एकमात्र उपाय है जिससे जीवन सुखी हो जाता है ?
युधिष्ठिर – स्वयं का शीतल स्वभाव ही सुखी होने का उपाय है।
यक्ष – सर्वोत्तम लाभ क्या है ?
युधिष्ठिर – आरोग्य।
यक्ष – धर्म से बढ़कर संसार में और क्या है ?
युधिष्ठिर – दया और परमार्थ।
यक्ष – कैसे व्यक्ति के साथ की गयी मित्रता पुरानी नहीं पड़ती ?
युधिष्ठिर – सज्जनों के साथ की गयी मित्रता कभी पुरानी नहीं पड़ती।
यक्ष – इस जगत में सबसे बड़ा आश्चर्य क्या है ?
युधिष्ठिर – रोज़ हजारों-लाखों लोग मरते हैं फिर भी सभी को अनंतकाल तक जीते रहने की इच्छा होती है।
इससे बड़ा आश्चर्य और क्या हो सकता है....

No comments:

Post a Comment